आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म ‘बटवारा 1947’, जिसमें सिने अभिनेत्री शबाना आज़मी,सुप्रसिद्ध सिने अभिनेता सनी देओल और प्रीति ज़िंटा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर की कहानी पर आधारित है और देशभर के दर्शकों के बीच पहले ही काफी उत्सुकता पैदा कर चुकी है। फिल्म की मल्टी-सिटी प्रमोशनल मुहिम के तहत टीम जयपुर, अहमदाबाद, पटना और लखनऊ का दौरा कर चुकी है और अलग-अलग शहरों में दर्शकों से जुड़ी है। अब फिल्म की टीम पंजाब पहुंच चुकी है, जहां प्रमोशन को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। एक ही दिन में पंजाब के तीन शहरों का दौरा करते हुए टीम कई प्रमोशनल गतिविधियों में हिस्सा लेगी। यह किसी फिल्म के लिए किए जाने वाले सबसे बड़े और व्यस्त प्रमोशनल टूर में से एक होगा।‘बटवारा 1947’ के पंजाब प्रमोशनल टूर के दौरान सनी देओल और करण देओल ने अमृतसर स्थित पार्टिशन म्यूज़ियम का दौरा किया। सनी देओल ने सोशल मीडिया पर अपने इस दौरे की झलक भी साझा की, जहां वह विभाजन के दिनों को दर्शाती तस्वीरों और यादों को ध्यानपूर्वक देखते नजर आए।
विभाजन के दर्दनाक दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘बटवारा 1947’ एक भावुक कहानी पेश करती है, जो विभाजन की मानवीय कीमत को दर्शाने के साथ-साथ करुणा, उम्मीद और मानवता की अटूट भावना का जश्न मनाती है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘बटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीतों के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।