आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
दोनों तरफ करीब 2 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
लुधियाना, पंजाब | रिपोर्ट: सुरिंदर सोनी।
लुधियाना में 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की हत्या के बाद परिवार और निहंग जत्थेबंदियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। परिजनों और समर्थकों ने लुधियाना-जालंधर हाईवे को जाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे की दोनों तरफ करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए।
प्रदर्शनकारियों ने हाईवे की दोनों लेन पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया और सड़क पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना है कि जब तक हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे हरजिंदर सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे।
मृतक के पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते हैं। इसी दौरान उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग रखी।
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों को समझाने और यातायात बहाल करवाने के लिए एसीपी इंद्रजीत सिंह बोपाराय मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिवार को मामले में कार्रवाई का भरोसा देते हुए धरना समाप्त करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
तीन महीने पुराने विवाद के बाद हत्या का आरोप
मृतक के पिता के अनुसार, करीब तीन महीने पहले हरजिंदर अपने एक दोस्त का विवाद सुलझाने के लिए गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते हरजिंदर को निशाना बनाया गया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने रास्ते में हरजिंदर की कार को घेर लिया और उस पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में हरजिंदर को पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है।
घटना के बाद परिवार को फोन के जरिए सूचना दी गई कि हरजिंदर को गोली लगी है और उसे सीएमसी अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के अनुसार, हरजिंदर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुराने विवाद के बाद उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
हमले का वीडियो भी सामने आया
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में कुछ लोग हरजिंदर की कार को घेरते हुए दिखाई देते हैं और इसके बाद फायरिंग होती नजर आती है। हालांकि, वीडियो और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल परिवार और निहंग जत्थेबंदियों के धरने के कारण लुधियाना-जालंधर हाईवे पर यातायात प्रभावित है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा देने में जुटी हुई है, जबकि परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले धरना समाप्त करने को तैयार नहीं है।