गिरफ्तार आरोपियों से अबतक 24 लाख रुपये की रिकवरी, पीड़ित को लौटाए गए पैसे - इंचार्ज इंस्पेक्टर सतबीर सिंह
लुधियाना 10 सितंबर (पारस दानिया) : कमिश्नरेट के थाना साइबर क्राइम की पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ढाई करोड़ की साइबर धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कमिश्नर पुलिस लुधियाना आईपीएस स्वपन शर्मा के दिशा-निर्देशों पर और DCP इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह की निगरानी में ADCP वैभव सहगल और ACP साइबर क्राइम हरजिंदर सिंह की अगुवाई में थाना साइबर क्राइम के इंचार्ज इंस्पेक्टर सतबीर सिंह व उनकी पुलिस टीम के SI हरिंदर पाल सिंह ने समेत साथी कर्मचारियों के साथ 08 सितंबर मंगलवार को मुकदमा नंबर 26/2026 थाना साइबर क्राइम के आरोपी मनविंदर सिंह उर्फ मनी वासी लुधियाना को गिरफ्तार किया है।
संबंधित जानकारी देते पुलिस स्टेशन साइबर क्राइम के इंचार्ज इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि
आरोपी ने अपने खातों में फ्रॉड की रकम मंगवाकर धोखाधड़ी की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया है, जो 2 दिन के पुलिस रिमांड पर है।
ठगी का तरीका
आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित की फर्म के मैनेजर को फर्म के मालिक की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर मैसेज किया और किसी फर्म के साथ बिजनेस करने का झांसा देकर मैनेजर से करीब 2 करोड़ 45 लाख रुपये धोखे से हासिल कर लिए। इस मामले से संबंधित अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है और डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक करीब 24 लाख रुपये पीड़ित को वापस करा दिए हैं।
पुलिस ने लोगों और खासकर व्यापारियों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहें और तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।