बैंक हड़ताल को लेकर वर्ल्ड Msme फोरम ने जताई आपत्ति, कहा- आर्थिक गतिविधियों पर पड़ता है सीधा असर
Sep11,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
प्रस्तावित बैंक हड़ताल और पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर वर्ल्ड MSME फोरम ने चिंता जताई है। फोरम के अध्यक्ष बादिश जिंदल ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं में लगातार व्यवधान का सीधा असर व्यापार, उद्योग, निर्यात, एमएसएमई और आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
फोरम के अनुसार, डिजिटल बैंकिंग के विस्तार के बावजूद एमएसएमई, व्यापारियों और उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अभी भी बैंक शाखाओं पर निर्भरता बनी हुई है। इनमें लोन दस्तावेज, कैश क्रेडिट, व्यापार वित्त, चेक क्लियरेंस, बैंक गारंटी, रेमिटेंस और केवाईसी जैसे कार्य शामिल हैं। ऐसे में बैंक बंद रहने से कारोबारियों की भुगतान प्रक्रिया, कार्यशील पूंजी और सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है।
बादिश जिंदल ने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योग सीमित नकदी प्रवाह पर काम करते हैं और बैंकिंग सेवाओं में एक दिन का व्यवधान भी उनके लिए परेशानी पैदा कर सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बैंकिंग सेवाओं को आवश्यक आर्थिक सेवा के रूप में देखते हुए ऐसी नीति बनाई जाए, जिससे लंबे समय तक बैंकिंग कामकाज बाधित न हो।
फोरम ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने से पहले देश में बैंकिंग सेवाओं के पूर्ण डिजिटलीकरण और ऑनलाइन माध्यम से सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि यदि भविष्य में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाती है तो शनिवार को चुनिंदा शाखाओं में आवश्यक और ग्राहक सेवाएं जारी रखी जानी चाहिए।
फोरम ने दावा किया कि लगातार हड़ताल और बैंकिंग कार्यदिवस कम होने से ग्राहकों का रुझान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से निजी बैंकों की ओर बढ़ सकता है। फोरम ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था के बावजूद कुछ प्रमुख बैंक सप्ताहांत में चुनिंदा शाखाओं के माध्यम से आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
वर्ल्ड MSME फोरम ने केंद्र सरकार, वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक से अपील की कि व्यापार, उद्योग, निर्यात और एमएसएमई हितों को ध्यान में रखते हुए बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान को कम करने के लिए प्रभावी नीति तैयार की जाए। फोरम ने कहा कि बैंकिंग का प्रत्येक कार्यदिवस उत्पादन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है।
-bankstrike-bankingservices-msme-worldmsmeforum-indianeconomy