पांच नकाबपोश लुटेरों ने जंडियाला गुरु में यूनियन बैंक लूटने की की कोशिश
Sep10,2026
| Ashwani Sharma | Jandiala Guru
गार्ड की मुस्तैदी से बड़ी वारदात टली, बिना लूटे फरार हुए आरोपी
जंडियाला गुरु, 10 सितंबर (अशवनी शर्मा): जंडियाला गुरु के लोकल घास मंडी चौक के पास पीपल के सामने स्थित यूनियन बैंक की शाखा में पांच नकाबपोश लुटेरों ने लूट की कोशिश की, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड की मुस्तैदी और हिम्मत के चलते आरोपी बिना कुछ लूटे मौके से फरार हो गए।
बैंक मैनेजर मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब 11:15 बजे चार लोग बैंक में दाखिल हुए और ग्राहकों की लाइन में बैठकर वाउचर भरने लगे। जब सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें चेहरे से नकाब हटाने को कहा, तभी उनका एक और साथी बैंक में दाखिल हो गया। इसी दौरान एक आरोपी ने गार्ड के पीछे जाकर उसके चेहरे पर स्प्रे कर दिया।
स्प्रे के बावजूद गार्ड ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत अपनी राइफल उठा ली। गार्ड को राइफल उठाते देख सभी आरोपी घबरा गए और बैंक से बाहर भाग गए। इस कारण बैंक को किसी तरह का वित्तीय या व्यक्तिगत नुकसान नहीं हुआ और बड़ी वारदात टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जंडियाला गुरु थाना प्रभारी एसएचओ हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
-jandialaguru-unionbank-bankrobbery-punjabnews-crimenews-amritsarnews-jagratilahar