जिला हिसार में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए हिसार पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना आजाद नगर पुलिस ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुकलान से चोरी हुई लगभग 3 लाख रुपये कीमत की एलईडी बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
प्रभारी थाना आजादनगर नि. दलबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुकलान के प्राचार्य नरेंद्र कुमार द्वारा शिकायत दी गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल परिसर से एलईडी चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर थाना आजाद नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान मुख्य सिपाही संदीप ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर आरोपी मनदीप पुत्र राजेंद्र निवासी मुकलान की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा एलईडी भी बरामद कर ली है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे गहन पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों तथा संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक हिसार ने कहा कि शिक्षा संस्थानों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ हिसार पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। चोरी जैसी वारदातों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
एसपी हिसार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि "जो लोग यह समझते हैं कि चोरी करके कानून की नजरों से बच जाएंगे, वे भ्रम में हैं। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी नेटवर्क और पुलिस की सतर्कता के कारण अपराधियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाना तय है। अपराध का रास्ता चुनने वालों के लिए हिसार में कोई जगह नहीं है।" हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नागरिकों के सहयोग से अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।