राजपुरा, 30 मार्च (सुशील कुमार)
श्री वरुण शर्मा आईपीएस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटियाला तथा श्री मनजीत सिंह पीपीएस, उप पुलिस अधीक्षक सर्कल राजपुरा के दिशा-निर्देशों के तहत थाना सिटी राजपुरा पुलिस द्वारा स्नैचिंग की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह, प्रभारी थाना सिटी राजपुरा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राजपुरा में हो रही स्नैचिंग की घटनाओं को ट्रेस करने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान दिनांक 28-03-2026 को एएसआई जगदीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर धर्मिंदर सिंह उर्फ बोबली पुत्र राज कुमार निवासी गांव नरड़ू को एक बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 78 दिनांक 28-03-2026 धारा 307 बीएनएस के तहत थाना सिटी राजपुरा में दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना नंबर मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजपुरा के विभिन्न इलाकों में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था।
इसके अलावा आरोपी ने दिनांक 09-03-2026 को आर्य समाज रोड के पास एक महिला कुलदीप कौर का पर्स भी छीना था, जिसमें नकदी, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इस संबंध में पहले से ही मुकदमा नंबर 62 दिनांक 09-03-2026 दर्ज किया गया था, जिसमें भी अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा और उससे अन्य छीने गए सामान की बरामदगी की जाएगी।
