शंभू बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो अफीम समेत 2 गिरफ्तार
Mar19,2026
| Shushil Kumar | Rajpura
राजपुरा, 19 मार्च ( सुशील कुमार):
पंजाब सरकार द्वारा नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटियाला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा (आईपीएस) और एसपी गुरबंस बैंस के दिशा-निर्देश में थाना शंभू पुलिस ने हाईटेक नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 किलोग्राम अफीम बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंभू बॉर्डर पर लगाए गए हाईटेक नाके के दौरान एसएचओ स्वर्ण सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम द्वारा शाम के समय वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सख्त जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक पुरुष और एक महिला बैग के साथ पैदल जाते हुए संदिग्ध हालत में दिखाई दिए।
जब पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम राय यादव उर्फ भोला राय यादव और सोनामती देवी, दोनों निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना शंभू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने रिमांड हासिल कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहराई से जांच की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बस के जरिए आए थे और नाके से बचने के लिए खेतों के रास्ते पैदल निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वे पकड़े गए।
पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि जिला पटियाला के सभी बॉर्डरों पर हाईटेक नाके लगाए गए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि थाना शंभू की टीम ने पिछले दिनों में भी कई बड़ी बरामदगियां की हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Patiala-Police-Arrested-Accused