आयकर की नामी गारमेंट्स ग्रुप के तीन परिसरों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई
Mar19,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
इनकम टैक्स विभाग की ओर से वीरवार को महानगर के एक नामी गारमेंट्स ग्रुप के तीन परिसरों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई की गई। विभाग को इस करवाई में करोड़ो रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है।जानकारी के अनुसार ‘स्लूजा एंड स्टाइल’ और ‘मॉम्स एंड मी’ के घुमारमंडी, बीआरएस नगर और जवाहर नगर स्थित सभी शोरूम पर कार्रवाई की गई।यह सर्वे दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुआ।इनकम टैक्स विभाग के चीफ
कमिश्नर जीएस फानी व प्रिंसिपल कमिश्नर विवेक नांगिया के दिशा-निर्देशों पर विभाग के एडिशनल कमिश्नर डॉ. ऋषि कुमार तथा रेंज-1 के डिप्टी कमिश्नर जतिन अभि और डिप्टी कमिश्नर वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में अधिकारियों की विभिन टीमों ने यह कार्रवाई की।सर्वे के दौरान विभाग को प्रॉपर्टी लेन-देन से जुड़े व कच्चे के कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने शोरूम में मौजूद कंप्यूटर, लैपटॉप आदि को अपने कब्जे में लेकर उनका डेटा भी प्राप्त किया। घुमारमंडी स्थित साथ वाली नई खरीदी गई बहुमंजिला प्रॉपर्टी व स्टाक की भी विभाग द्वारा जांच की गई।इसके अलावा शोरूम में मौजूद स्टॉक की भी बारीकी से जांच की गई। इस सर्वे में लुधियाना के अलावा अन्य शहरों से आए करीब 50 अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में भाग लिया। इनमें इनकम टैक्स अधिकारी अंकुश मग्गो, वीरेंद्र शर्मा, संजीव मित्तल, कुनाल कुमार, भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।सर्वे की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। शोरूम में भारी मात्रा में स्टॉक होने के कारण अनुमान है कि यह कार्रवाई अगले दिन भी जारी रह सकती है।
Income-Tax-Department-Hold-Survye-Ludhiana-Big-Garments-Group-