फिल्लौर: महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (पीपीए), फिल्लौर में विभिन्न प्रोमोशनल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इन पाठ्यक्रमों में प्रोबेशनरी डीएसपी एवं सब-इंस्पेक्टरों के बेसिक ट्रेनिंग कोर्स के साथ-साथ विभिन्न कैडरों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अपर तथा इंटरमीडिएट स्कूल कोर्स शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आईजीपी-कम-डायरेक्टर, पंजाब पुलिस अकादमी सुश्री धनप्रीत कौर, आईपीएस ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में पुलिसिंग लगातार बदल रही है। ऐसे में नई तकनीकों, वैज्ञानिक जांच पद्धतियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े आधुनिक तरीकों की जानकारी हासिल करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी के लिए आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ सीखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाना और अधिकारियों के पेशेवर कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव का उपयोग अधिकारी पंजाब में अधिक प्रभावी, संवेदनशील और पेशेवर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने में करेंगे।
अकादमी प्रशासन के अनुसार, इन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।