*नीट मामला: फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना सराहनीय कदम : ढिल्लों*
Jul23,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में युवाओं का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित, कांग्रेस छात्रों के भविष्य पर राजनीति करना बंद करे : ढिल्लों*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के युवा और विद्यार्थी उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाने का निर्णय एक ऐतिहासिक और अत्यंत आवश्यक कदम है।
ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाने के दिए गए निर्देशों से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, जिसके तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए नीट परीक्षा दोबारा आयोजित कराई गई और उसका परिणाम भी घोषित कर दिया गया, ताकि किसी भी छात्र का एक वर्ष बर्बाद न हो।
कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए ढिल्लों ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए पारदर्शी और सख्त कदमों के बावजूद कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दल अपनी डूबती हुई राजनीति को बचाने के लिए मासूम बच्चों और विद्यार्थियों का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य पर किसी भी राजनीतिक दल को राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केंद्र की भाजपा सरकार देश के प्रत्येक युवा की मेहनत और उसके सपनों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
-Neet-Case-Fast-track-Trial-Against-The-Accused-A-Commendable-Step-Dhillon