पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाए जाने को लेकर राज्य सरकार की आपत्ति पर सवाल उठाए हैं।
वड़िंग ने कहा कि हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति जैसे संवेदनशील विषय पर राज्य सरकार के रुख को लेकर स्वाभाविक रूप से कई सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को इस मामले में अपना पक्ष और इसके पीछे का कारण स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या आम आदमी पार्टी सरकार न्यायपालिका के संबंध में अपनी पसंद और अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवस्था चाहती है?
वड़िंग ने कहा कि सरकार और न्यायपालिका के बीच संस्थागत संतुलन लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पूरे मामले को संवैधानिक मर्यादाओं और न्यायपालिका की स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए देखा जाएगा।