केवल सिंह ढिल्लों ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम
Aug30,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
खरड़ के गांव झंझेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
प्रधानमंत्री के संकल्प ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को हर वर्ग दे सहयोग: केवल सिंह ढिल्लों
पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए ‘डबल इंजन’ भाजपा सरकार की जरूरत: केवल सिंह ढिल्लों
आप सरकार के शासन में पंजाब में नशा कई गुना बढ़ा; केवल भाजपा ही कर सकती है इसका खात्मा: केवल सिंह ढिल्लों
राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी मंच है ‘मन की बात’: पंजाब भाजपा अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम के 137वें एपिसोड ‘मन की बात’ को सुनने के लिए मोहाली जिले के खरड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव झंझेड़ी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने विशेष रूप से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना।
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने संबोधित करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का एक प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों को जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों के उपयोग, विज्ञान एवं नवाचार तथा सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनके विचार समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुरूप ‘नशा-मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का समर्थन करते हुए देश के युवाओं का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस नशा-मुक्त अभियान की सबसे अधिक आवश्यकता पंजाब को है, क्योंकि पंजाब इस समय नशे की दलदल में फंस चुका है। तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के शासन में नशा कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को इस अभियान का हिस्सा बनकर युवाओं को नशे से बचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए डबल इंजन भाजपा सरकार की आवश्यकता है और इस सामाजिक बुराई का खात्मा केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, किसान, कृषि और गरीब वर्ग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया, जो प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दर्शाता है।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल और जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को गंभीरता से सुना और उन्हें घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
-kewalsinghdhillon-mannkibaat-nashamuktbharat-bjp-punjabbjp