सराभा नगर पुलिस ने दर्ज की FIR, CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
लुधियाना 19 अगस्त (पारस दानिया): महानगर में गोलियां चलना एक आम सी बात हो गई है। सोमवार रात को घंटाघर क्षेत्र के पास गोली मारकर युवक की हत्या का घाव अभी ताजा ही था कि कल बीती रात सराभा नगर क्षेत्र में एक ओर गोलीकांड ने जन्म ले लिया। ताज़ा मामला BRS नगर से सामने आया है जहां देर रात एक पिज्जा शॉप पर बाइक सवार 3 नकाबपोश युवकों ने फायरिंग कर दी। हमलावर फायरिंग करके मौके से फरार हो गए। घटना 18 अगस्त 2026, रात करीब 12:45 बजे की है।
दुकानदार की जानकारी
शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह पुत्र बलजीत सिंह, निवासी रूप नगर, धांधरा रोड़ ने बताया कि वह J-ब्लॉक, दुकान नंबर 350/100-B, BRS नगर में "पिज्जा फार्म मैक्सिको"* नाम की दुकान चलाते हैं। रात करीब 12:45 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर 3 अज्ञात लड़के आए और दुकान के काउंटर पर 3 फायर कर दिए। हमला करने के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की जानकारी
मामले की जांच कर रहे ASI दविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। शिकायतकर्ता के बयान पर थाना सराभा नगर में FIR नंबर 227, धारा 109(1), 191(2), 191(3), 190 BNS, 25-27 Arms Act के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मौके से 3 खाली खोल और 1 गोली का सिक्का बरामद किया है। दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरे भी कब्जे में ले लिए गए हैं।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि 18 अगस्त मंगलवार देर रात 12 बजे के बाद गुरप्रीत सिंह अपने पार्टनर के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर आए 3 अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की और भाग गए।
पुलिस की कार्रवाई
SHO सराभा नगर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आदेश पर पुलिस की कई टीमें आरोपियों की पहचान कर उन्हें ट्रेस करने में जुट गई हैं। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।