जनकपुरी में तड़के घर के बाहर खड़ी इंश्योरेंस मैनेजर की Splendor चोरी, चोरों ने पहले की रेकी, फिर हैंडल हिलाकर ट्राई की मास्टर चाबी
वारदात करते CCTV में कैद हुए आरोपी, रेकी के बाद पांच मिनट के अंदर बाइक चुराकर हुए फरार
लुधियाना 31 अगस्त (पारस दानिया): शहर में बाइक चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामला जनकपुरी गली नंबर 7 का है, जहां तड़के सुबह दो शातिर चोर घर के बाहर खड़ी बाइक को मास्टर चाबी से खोलकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
30 अगस्त की रात पार्क की, सुबह गायब मिली बाइक
घटना के संबंध में जानकारी देते शिकायतकर्ता 30 वर्षीय प्रियांशु शुक्ला ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के गोरखपुर का रहने वाला है और पिछले 5 साल से जनकपुरी गली नंबर 7 में अपने भाई के साथ किराए पर रह रहा है। वह लुधियाना में एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में सीनियर ब्रांच मैनेजर के तौर पर काम करता है और रोज मार्केट का काम अपनी 2019 मॉडल काले और सिल्वर रंग की Splendor मोटरसाइकिल पर ही करता है।
प्रियांशु के मुताबिक 30 अगस्त, रविवार को वह रोज की तरह मार्केट का काम खत्म करके रात 8:45 बजे घर लौटा और बाइक घर के बाहर खड़ी करके कमरे में चला गया। सुबह जब वह 6:30 बजे जिम जाने के लिए बाहर आया तो देखा उसकी बाइक गायब थी। देख उसके होश उड़ गए, आस-पास देखा लेकिन कुछ पता नहीं चला।
CCTV में खुला राज - ऐसे दिया वारदात को अंजाम्
इसके बाद जब पड़ोस के CCTV कैमरे चेक किए गए तो चोरों की पूरी करतूत सामने आ गई। फुटेज में दिख रहा है कि तड़के करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच दो अज्ञात चोर गली में दाखिल हुए। पहले एक आरोपी आगे निकल गया और माहौल का जायजा लिया। दूसरे आरोपी ने प्रियांशु की बाइक के पास आकर पहले हैंडल हिलाया, लॉक चेक किया और फिर आगे चला गया।
कुछ सेकेंड बाद वह वापस लौटा और जेब से मास्टर चाबी निकालकर बाइक का लॉक खोलने की कोशिश करने लगा। दो-तीन बार ट्राई करने के बाद जैसे ही लॉक खुला, उसने साथी को इशारा करके बुलाया और दोनों बाइक पर बैठकर फर्राटा भरते हुए फरार हो गए।
चौकी में शिकायत, पुलिस ने की जांच शुरू
पीड़ित प्रियांशु ने बताया कि उसने इस संबंध में पुलिस चौंकी जनकपुरी में लिखित शिकायत दे दी है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।