हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नलास मंदिर में माथा टेका
Jun12,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
राजपुरा में पहली बार हुआ विशाल सैनी सम्मेलन, सैनी समाज ने दिखाई अपनी ताकत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, जगमोहन सैनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत
राजपुरा, (सुशील कुमार सिंधी) – राजपुरा के नलास पैलेस में सैनी समाज द्वारा पहली बार विशाल सैनी सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर सैनी समाज के हजारों लोगों की भारी उपस्थिति ने समाज की एकता, संगठन और ताकत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान जगमोहन सैनी और समस्त सैनी समाज की टीम द्वारा मुख्यमंत्री का गर्मजोशी और भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नलास स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में माथा टेककर देश, पंजाब और हरियाणा की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैनी समाज की एकता, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और पंजाब के लोग स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली और वर्तमान सरकारों ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को उनका कोई विशेष लाभ नहीं मिला।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के वादे किए थे, लेकिन लोगों को उम्मीदों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है और पंजाब के लोग भी अब डबल इंजन सरकार की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनी समाज और ओबीसी वर्ग हमेशा देश को मजबूत बनाने और सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते आए हैं।
हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के दौरान 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने पंजाब सरकार को भी अपने कार्यकाल के दौरान दी गई नौकरियों का पूरा विवरण जनता के सामने रखने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पहले अकाली दल, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मौका दे चुके हैं, लेकिन अब वे भाजपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और विकास, रोजगार तथा सुशासन का नया दौर शुरू होगा।
Nayab-Singh-Saini-Cm-Haryana