मुख्य सचिव ने सभी विभागाें से मांगी रिपाेर्ट
चंडीगढ़, 12जून। हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद सचिवालय में सालों से कार्यरत छह अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने के बाद शुक्रवार को ऐसे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की रिपोर्ट तलब कर ली है जो पुनर्नियुक्ति के तहत कार्यरत है।
रिटायरमेंट के बाद मंत्रियों और प्रशासनिक सचिवों के कार्यालयों में कार्यरत इन अधिकारियों व कर्मचारियों की वजह से न तो नये लोगों को आगे आने का मौका मिल रहा है और न ही बिना जोड़तोड़ के लोगों के काम हो रहे हैं। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को सेवानिवृत्ति के बाद दोबारा नियुक्त किए गए तथा संविदा आधार पर कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का विवरण मांगा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के कार्यालय ने हरियाणा सिविल सचिवालय के सभी विभागों को पत्र जारी कर 15 जून तक समस्त जानकारी उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। गुरुवार को जिन अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया गया है, उनमें सज्जन सिंह, विपिन कुमार, हरीश चंद्र, हरेंद्रपाल, तरसेम सिंह और मुन्नी लाल सैनी शामिल हैं। मुख्य सचिव कार्यालय ने हरियाणा सचिवालय में कार्यरत सभी श्रेणियों (ए, बी, सी और डी) के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची मांगी है, जिन्हें सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्नियुक्त किया गया है या जो संविदा आधार पर सेवाएं दे रहे हैं। यह जानकारी विभिन्न विभागों से एकत्र कर मुख्य सचिव कार्यालय की स्थापना-2 शाखा को भेजनी होगी।
रिटायरमेंट के बाद काम कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों की संख्या सेक्टर 17 स्थित मिनी सचिवालय में भी कम नहीं है। मुख्य सचिव कार्यालय के पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुपालन में यह विवरण तैयार किया जा रहा है। सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों, विशेष सचिवों, संयुक्त सचिवों तथा विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीन कार्यरत ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा रिकार्ड निर्धारित समय सीमा तक उपलब्ध कराएं। सरकारी सूत्रों के अनुसार इस कवायद को सचिवालय और विभिन्न विभागों में सेवानिवृत्ति के बाद दी गई नियुक्तियों की व्यापक समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।