कालांवाली,ओढ़ा (पवनशर्मा)
इनेलो पार्टी की ओर से पेट्रोल और डीजल के दामों में आए दिन हो रही वृद्धि के विरोध में 2 जून दिन मंगलवार को सिरसा में सुबह 9:30 बजे रोष प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें जिला भर से हजारों की संख्या में इनेलो कार्यकर्ता भाग लेंगे और उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर आम जनता को तुरंत राहत देने की मांग की जाएगी। डबवाली क्षेत्र से इनेलो के हल्का प्रधान मंदर सिंह ओढ़ा ने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व डबवाली के विधायक आदित्य चौटाला, रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला व जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। पेट्रोल, डीजल, गैस और सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों ने किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों तथा कर्मचारियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस को महंगे दामों पर बेचकर निजीo कंपनियों को फायदा पहुंचाने का काम किया। अब जबकि आर्थिक संकट और महंगाई चरम पर है, तब भी सरकार एक्साइज ड्यूटी और वैट कम करके जनता को राहत देने की बजाय बार-बार कीमतें बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आम लोगों से 2 जून को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।