7 अक्टूबर को ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ बताया
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर 2026: कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को देशभर में राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर बड़े विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का फैसला किया है। पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को प्रदर्शन करने के निर्देश जारी किए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर की ओर शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया। पार्टी ने दावा किया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं व सांसदों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके दौरान कुछ नेता घायल भी हुए।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान पर हमला बताते हुए 7 अक्टूबर को ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ करार दिया है।
पार्टी ने कहा कि चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बहाल करने की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की मांग भी दोहराई है।