स्मृति ईरानी की बैठक से फारिग होते ही राव इंद्रजीत ने समर्थक विधायकों को चाय पर बुलाया
Oct25,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 25अक्टूबर। हरियाणा भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी के हरियाणा दौरे के तुरंत बाद केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की ओर से अपने समर्थक दक्षिण हरियाणा के आठ विधायकों को चाय पर आमंत्रित करने से सियासी हलचल तेज हो गई है। राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव समेत 8 विधायक इस पार्टी में शामिल हुए।
स्मृति ईरानी की बैठक से निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में राव इंद्रजीत और आरती राव दोनों ने ही कार्यकर्ताओं की सुनवाई और मान-सम्मान की बात कही थी। पिछले दिनों रेवाड़ी में सार्वजनिक कार्यक्रम में आरती राव भावी सीएम के नारे लगे थे। इस टी-पार्टी को लेकर राव परिवार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी नहीं आई है।
इससे पहले पिछले साल 18 जून को राव की डिनर कूटनीति चर्चा में रही थी। तब कुल 12 विधायक शामिल हुए थे, इनमें कांग्रेस की भी एक विधायक थीं। इस बार राव खेमा थोड़ा छोटा दिखा। इस टी-पार्टी की तस्वीरें राव इंद्रजीत या आरती राव के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी नहीं डाली गईं। हालांकि स्मृति ईरानी के साथ हुई बैठक को लेकर दोनों ने फोटो डाली ।
राव इंद्रजीत व आरती राव अब अहीरवाल से बाहर भी प्रभाव बढ़ाने में जुटे हैं। पिछले दिनों हांसी जिले में शहीदी दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। जहां राव तुलाराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
अटेली विधायक आरती राव को बतौर स्वास्थ्य मंत्री चंडीगढ़ के सेक्टर 7-ए में कोठी नंबर 82 सरकारी आवास के तौर पर आवंटित है। स्मृति ईरानी की बैठक खत्म होने के बाद शाम 5 बजे तक एक के बाद एक 7 विधायक यहां पहुंचे। आरती राव ने खुद अगवानी की। विधायक यहां करीब पौने घंटे तक रुके और उसके बाद एक-एक कर निकल गए।इस बार राव की टी पार्टी में गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, पटौदी से बिमला चौधरी, सोहना से तेजपाल तंवर, कोसली से अनिल यादव, बावल से डॉ. कृष्ण कुमार, बाढड़ा से उमेद पातुवास और दादरी से सुनील सांगवान पहुंचे।
18 जून 2025 को चर्चित डिनर डिप्लोमेसी में इन विधायकों के अलावा रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव और नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव भी थे। इस बार ये नहीं पहुंचे। l
राव इंद्रजीत सिंह ने इससे पहले 18 जून 2025 को भी चंडीगढ़ में आरती सिंह राव के आवास पर 12 विधायकों को डिनर पर बुलाया था। तब दक्षिण हरियाणा से भाजपा के 11 और कांग्रेस की एक विधायक शामिल हुईं। इस डिनर की चर्चाएं बाहर आने के बाद भाजपा में सियासत गरमा गई थी। जिसके बाद राव इंद्रजीत ने खुद मीडिया को सामने सफाई देने पड़ी। तब उन्होंने कहा था कि बेटी आरती राव को चंडीगढ़ में नया सरकारी आवास मिलने और गृह प्रवेश की खुशी में विधायकों को बुलाया गया था। दक्षिणी हरियाणा के लोगों और विधायकों को अपने परिवार से जुड़ा बताया था। बाद में 13 जुलाई को सीएम नायब सैनी, उनकी पत्नी सुमन सैनी, मंत्री अरविंद शर्मा और उनकी पत्नी को डिनर पर बुलाया। इस डिनर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई। जिसे डैमेज कंट्रोल के तौर पर देखा गया।
कांग्रेस में रहते हुए भी राव इंद्रजीत अपनी डिनर डिप्लोमेसी का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए करते रहे थे। यही नहीं भाजपा में शामिल होने के बाद भी यह क्रम जारी रखा। अगस्त 2015 में जब मनोहर लाल को मुख्यमंत्री बने कुछ महीने ही हुए थे, तब राव ने पहले सांसदों को डिनर दिया। उसके बाद अहीरवाल के विधायकों को डिनर पर बुलाया था। तब राव ने अपने धुर विरोधी बादशाहपुर के विधायक एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर को नहीं बुलाया था। जबकि परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्रालय छिनने से नाराज चल रहे महेंद्रगढ़ के विधायक एवं शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा को निमंत्रण दिया था।
साल 2021 में सियासी गलियारों में चर्चा उठी थी कि अहीरवाल बेल्ट में भाजपा राव इंद्रजीत का विकल्प तलाश रही है। तब केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव लगातार अहीरवाल के चक्कर काट रहे थे। तभी राव इंद्रजीत ने अपनी सियासी ताकत दिखाने के लिए ऐसा डिनर रखा था। पहले ऐसे डिनर कार्यक्रम रामपुरा हाउस (राव इंद्रजीत का पैतृक आवास) में रखे जाते थे।
-raoinderjitsingh-aartirao-haryanapolitics-smritiirani-haryanabjp