नायब सैनी ने पंजाब और हरियाणा मूल के उद्यमियों को आमंत्रित किया
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़ , 7 अक्टूबर । सिंगापुर में हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर सरकार के सिंगापुर कॉरपोरेशन एंटरप्राइज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर मिक्सड लैंड यूज नीति तथा लैंड प्राइसिंग से संबंधित सर्वोत्तम प्रथाओं और अनुभवों का आदान-प्रदान किया। इस बैठक से हरियाणा में नई सरकारी परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत निहितार्थ सामने आए हैं। विशेष रूप से एचएसआईआईडीसी एवं विभिन्न औद्योगिक संपदाओं में भूमि पट्टे की बेहतर एवं अधिक प्रभावी नीति बनाने तथा गुरुग्राम शहर में टाउनशिप विकास को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में सकारात्मक दिशा मिलेगी।इस बैठक का उद्देश्य प्रबंधन, औद्योगिक विकास तथा शहरी नियोजन से जुड़ी अपनी नीतियों को और अधिक पारदर्शी, निवेशक-अनुकूल एवं दीर्घकालिक दृष्टि से मजबूत बनाना और प्रदेश में विकास के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार करना है।मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब और हरियाणा मूल के सिंगापुर के उद्यमियों को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापर में पंजाब और हरियाणा मूल के प्रमुख उद्योगपतियों एवं व्यावसायिक प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता के बल पर भारतीय समुदाय देश का गौरव बढ़ा रहा है। सिंगापुर जैसे आधुनिक और विश्व के प्रमुख व्यापारिक केंद्र में भारत का परचम लहराने वाले प्रवासी भारतीयों के पुरुषार्थ पर पूरे देश को गर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी भारतीयों का वैश्विक स्तर पर प्राप्त अनुभव और विशेषज्ञता भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने उद्योगपतियों से हरियाणा में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने तथा प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिंगापुर ने सीमित भौगोलिक क्षेत्र और संसाधनों के बावजूद दूरदर्शी आर्थिक नीतियों, बेहतर आधारभूत ढांचे, सुशासन और कानून-व्यवस्था के बल पर स्वयं को विश्व के प्रमुख व्यापारिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी निवेशकों को बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा, सुशासन और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और आज देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश में निवेश, बुनियादी ढांचे, रोजगार और उद्यमिता के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उन्हें सरकारी नौकरी प्रदान करने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, मजबूत सड़क एवं रेल संपर्क, कुशल मानव संसाधन, बेहतर औद्योगिक आधारभूत ढांचा तथा निवेशक-अनुकूल नीतियां हरियाणा को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि उद्योगों को कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए और निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने प्रवासी उद्योगपतियों से हरियाणा की निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर में उपस्थित पंजाब और हरियाणा मूल के सभी उद्योगपतियों एवं व्यावसायिक प्रतिनिधियों को हरियाणा आने का हार्दिक निमंत्रण दिया। उन्होंने उन्हें चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में आने का भी निमंत्रण दिया और कहा कि हरियाणा सरकार प्रवासी भारतीयों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।