कालांवाली,डबवाली (पवनशर्मा) पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में नशा मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने की दिशा डबवाली पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है । नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर नशा तस्करों पर नकेल कसी जा रही है । इसी कड़ी में सीआईए स्टाफ डबवाली, सीआईए स्टाफ कालांवाली व चौकी गोलबाजार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग अलग स्थानों पर की गई कार्रवाइयों में नशा तस्करी के विभिन्न मामलों में फरार चल रहे सप्लायरों सहित 04 आरोपियों को काबू किया है । साथ ही 06.640 ग्राम हेरोइन व 125.25 ग्राम अफीम बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने इन कार्रवाईयों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 27 मई 2026 को सीआईए स्टाफ डबवाली ने नशा तस्करी के संबंध में गश्त पड़ताल के दौरान देसूजोधा से एक युवक को संदेह के आधार पर काबू कर तलाशी ली । तलाशी के दौरान उसके पास से 6.640 ग्राम हेरोइन बरामद हुई । जिसके संबंध में उक्त युवक भिन्द्र सिंह उर्फ भिन्दा के खिलाफ थाना शहर डबवाली में अभियोग दर्ज कर इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू की गई । आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी ।
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में सीआईए डबवाली टीम ने वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन बरामदगी मामले में वांछित आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ कुनाल को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है । इस संबंध में दिनांक 01 दिसम्बर 2025 को उनकी टीम द्वारा गांव मांगेआना से गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय कुमार को 311.48 ग्राम हेरोइन सहित काबू कर थाना सदर डबवाली में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी । जो जांच के दौरान उनकी टीम ने गुप्त सूचनाओं व गहन पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले के मुख्य तस्कर आरोपी धर्मेंद्र को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है । आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है । रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जाएगी ।
इसी तरह एक अन्य मामले में सफलता हासिल करते हुए सीआईए कालांवाली टीम ने गश्त पड़ताल अपराध के दौरान हुड्डा सेक्टर मंडी कालांवाली से एक व्यक्ति को कोई नशीला पदार्थ होने के संदेह पर काबू कर नियमानुसार तलाशी ली गई । जो तलाशी के दौरान उक्त शख्स के कब्जे से 125.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई । जिस संबंध में उक्त आरोपी रावल सिहं के खिलाफ थाना कालांवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई है । मामले की जांच जारी है और इस नशा तस्करी नेटवर्क में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाए जाने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी । आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी ।
इसी तरह एक अन्य मामले में चौकी गोलबाजार पुलिस टीम ने हेरोइन तस्करी के एक मामले में वांछित सप्लायर आरोपी रवि कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है । जिस संबंध में दिनांक 06 मई 2026 को आरोपी विकास उर्फ सन्नी को मंडी डबवाली क्षेत्र से 06.480 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था । जो आरोपी विकास उर्फ सन्नी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत थाना शहर डबवाली में अभियोग दर्ज किया गया था । जो पुलिस टीम ने इस नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए उक्त हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपी रवि कुमार उर्फ मोनू को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है ।
डबवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी । आमजन से अपील की गई है कि नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत, मानस पोर्टल, हेल्पलाइन न. 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748, या नजदीकी थाना/चौकी में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी ।