*चोर कितना भी शातिर क्यों न हो, हिसार पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकता — एसपी हिसार*
*थाना आदमपुर पुलिस ने पुराने मोटरसाइकिल चोरी मामले का किया खुलासा, चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित आरोपी गिरफ्तार*
हिसार (पवनशर्मा) पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना आदमपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक पुराने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित काबू करने में सफलता हासिल की है।
प्रभारी थाना आदमपुर डीएसपी प्रिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 09.11.2025 को संदीप पुत्र सुभाष निवासी भोडिया बिश्नोईया ने शिकायत दी थी कि वह रात के समय वाटरवर्क्स के पास एक शादी समारोह में गया हुआ था। वापिस आने पर उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शिकायत पर थाना आदमपुर में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान थाना आदमपुर में तैनात सहायक उप निरीक्षक रोहताश ने गश्त व अपराध जांच के दौरान एक युवक को शक के आधार पर काबू कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी पुत्र राजेश निवासी भाणा के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा तथा उससे अन्य चोरी की वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
एसपी हिसार ने कहा कि जिले में चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।