आज के दौर में अंग्रेजी भाषा केवल एक विषय नहीं, बल्कि बेहतर करियर और वैश्विक अवसरों की मजबूत कुंजी बन चुकी है। इसी कड़ी में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक ने सत्र 2026-27 के लिए 4 वर्षीय बीए (इंग्लिश) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप तैयार यह कोर्स विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, डिजिटल स्किल्स और रोजगारपरक क्षमताओं से जोड़ने पर केंद्रित है।
विश्वविद्यालय की ओर से 4 वर्षीय बीए (इंग्लिश) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 26 मई निर्धारित की गई है। बीए इंग्लिश कार्यक्रम में लगभग 60 सीटें उपलब्ध हैं। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को भाषा दक्षता, प्रभावी संचार कौशल, क्रिटिकल थिंकिंग, रचनात्मक लेखन और डिजिटल समझ विकसित करने का अवसर देता है। नई शिक्षा नीति के तहत तैयार चार वर्षीय संरचना विद्यार्थियों को मल्टीपल एग्जिट ऑप्शन, स्किल एन्हांसमेंट कोर्स, रिसर्च प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप और इंटरडिसिप्लिनरी अध्ययन जैसी सुविधाएं प्रदान करेगी। इससे विद्यार्थी केवल डिग्री तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और प्रोफेशनल स्किल्स भी हासिल कर सकेंगे।