चंडीगढ़, 7 अक्टूबर। हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बुधवार को प्रदेशभर में लगाए गए विशेष शिविरों में करीब 28 हजार लंबित मामलों की सुनवाई की गई।
अभियान के तहत प्रदेश में कुल 44,91,923 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 3,15,173 मामलों की सुनवाई अभी लंबित है। यह कुल मामलों का करीब 7.02 प्रतिशत है। आयोग की ओर से इन मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सुनवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के लिए 8 और 9 अक्टूबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान घर-घर सर्वे भी किया जाएगा। जिन मतदाताओं को एस आई आर के तहत नोटिस मिला है और उन्होंने अभी तक जरूरी दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे संबंधित अधिकारियों या बूथ लेवल ऑफिसर के पास दस्तावेज उपलब्ध करवाएं।आयोग ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर सुनवाई में उपस्थित होने की अपील की है, ताकि उनके मामले का समय पर निस्तारण हो सके।आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एस आई आर प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। पात्र मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करवाने की अपील की गई है, ताकि उनके नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।