पटियाला, 11 जुलाई। (सुशील कुमार सिंधी) पटियाला के एसएसटी नगर क्षेत्र में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब जिम से घर लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान फॉर्च्यूनर में सवार अज्ञात लोगों ने उसकी कार को रास्ते में दो बार पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद हमलावरों ने दो फायर हवा में किए, जबकि तीसरा फायर युवक की कार को निशाना बनाकर किया। गनीमत रही कि इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लाहौरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
थाना लाहौरी गेट के प्रभारी इंस्पेक्टर सौरव सबरवाल ने बताया कि पुलिस को एक युवक का फोन आया था, जिसने अपनी कार को टक्कर मारने और उस पर फायरिंग किए जाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला किसी निजी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत नहीं हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।