सीआईसीयू अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से की मुलाकात, उद्योग और प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे उठाए
Jun13,2026
| Vishal | Ludhiana
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग्स (सीआईसीयू) के अध्यक्ष उपकार सिंह आहुजा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में लुधियाना में आयोजित इंडस्ट्रियल एंड प्रोफेशनल मीट 2026 के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की।बैठक के दौरान आहूजा ने प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलोग्राम एफटीएल एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की केंद्र सरकार की पहल की सराहना करते हुए इसे श्रमिकों को स्वच्छ और सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि गैस चूल्हा, रेगुलेटर, पाइप और अन्य आवश्यक सामान खरीदने के लिए करीब 3,000 रुपये की शुरुआती लागत होने के कारण कई प्रवासी श्रमिक एलपीजी कनेक्शन लेने में असमर्थ हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बैंकों, एनबीएफसी, माइक्रोफाइनेंस संस्थानों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के माध्यम से आसान ऋण या ईएमआई सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि श्रमिक बिना आर्थिक बोझ के एलपीजी कनेक्शन प्राप्त कर सकें।आहूजा ने कहा कि इस प्रकार की सुविधा लाखों प्रवासी श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उद्योगों को कुशल श्रमिकों को बनाए रखने में भी मदद करेगी।उन्होंने उद्योगों को सीधे उपलब्ध कराए जाने वाले पेट्रोल की सीमा बढ़ाकर 200 लीटर करने की भी मांग उठाई, जिससे औद्योगिक इकाइयों को अपनी परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने में सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर आहूजा ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों ने लुधियाना के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और वे हर संभव सहयोग के हकदार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सीआईसीयू द्वारा दिए गए सुझावों पर केंद्र सरकार उद्योग और श्रमिकों दोनों के हित में सकारात्मक विचार करेगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उद्योग जगत की ओर से रखे गए सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें रचनात्मक एवं जनहितकारी बताया।
Cicu-President-Meet-Hardeep-Puri