अकाली दल (बादल) के उम्मीदवार गुरदिलबाग सिंह नीटा माहल
ने 312 वोटों की रिकॉर्ड बढ़त से दर्ज की शानदार जीत
कहा— कमेटी बनते ही विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
कादियां, 14 जून (तारी): नगर काउंसिल कादियां चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद शहर की राजनीति में हलचल लगातार तेज होती जा रही है। नगर काउंसिल की कमेटी के गठन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों का दौर जारी है। शहर में यह चर्चा जोरों पर है कि इस बार नगर काउंसिल में अकाली दल (बादल) की कमेटी बनने की संभावना मजबूत दिखाई दे रही है।
इसी बीच अकाली दल (बादल) के उम्मीदवार गुरदिलबाग सिंह नीटा माहल ने अपने वार्ड से 312 मतों की शानदार बढ़त के साथ जीत दर्ज कर नगर काउंसिल चुनाव में सबसे बड़ी जीत हासिल की। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
जीत के बाद गुरदिलबाग सिंह नीटा माहल ने वार्ड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास, समर्थन और प्यार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें भारी मतों से विजयी बनाया है, वे उस विश्वास पर पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि नगर काउंसिल में अकाली दल (बादल) की कमेटी बनती है तो कादियां शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। शहर की सड़कों, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तेजी से कार्य किए जाएंगे ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
नीटा माहल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है। वे वार्ड के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का प्रयास करेंगे और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी नेतृत्व और जनता के सहयोग से कादियां को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
नगर काउंसिल चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें कमेटी गठन पर टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि नगर काउंसिल की बागडोर किस दल के हाथों में होगी। फिलहाल शहर में अकाली दल (बादल) की संभावित कमेटी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार जारी हैं।