केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने किया पौधारोपण
चंडीगढ़, 14 जून-। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रविवार को केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नरवाना स्थित वाल्मीकि भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों के बारे में बताया।
कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और विश्व मंच पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करते हुए राज्य सरकार ने भी अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखते हैं।