पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर कर वेब सीरीज़ ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ के प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
राजा वड़िंग ने कहा कि यह याचिका समाज के व्यापक हित में दायर की गई है, खासकर पंजाब में बढ़ते गैंग कल्चर और अपराध से जुड़े माहौल को देखते हुए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक वेब सीरीज़ का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, सामाजिक संतुलन और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
याचिका में कहा गया है कि यह वेब सीरीज़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित है, जिसमें उसे एक छात्र नेता से अपराधी गिरोह के सरगना बनने तक के सफर को दिखाया गया है।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि इस तरह का चित्रण अपराध को ग्लैमराइज करता है और खासकर युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करता है। “आज पंजाब का युवा पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में अपराधियों को हीरो की तरह दिखाना बेहद खतरनाक है,” उन्होंने कहा।
याचिका में यह भी कहा गया है कि किसी वास्तविक गैंगस्टर का महिमामंडन करना सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था के लिए खतरा है, खासकर पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में। इससे अपराधियों के प्रति आकर्षण बढ़ सकता है, उनकी नकल करने की प्रवृत्ति पैदा हो सकती है और कानून का डर कमज़ोर पड़ सकता है।
राजा वड़िंग ने कोर्ट से मांग की है कि इस वेब सीरीज़ के प्रसारण पर तुरंत रोक लगाई जाए। अगर ऐसा संभव न हो, तो आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने या संशोधित करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही उन्होंने OTT प्लेटफॉर्म्स के लिए सख्त गाइडलाइंस बनाने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के कंटेंट के जरिए अपराध और अपराधियों का महिमामंडन रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आज़ादी महत्वपूर्ण है, लेकिन समाज और युवाओं की सुरक्षा उससे भी ज्यादा जरूरी है।