पंचकूला से श्यामलाल बंसल,अंबाला से अक्षिता सैनी और सोनीपत से राजीव जैन भाजपा के मेयर प्रत्याशी
Apr22,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
आप ने सोनीपत से सतबीर सिंह आर्य को मेयर प्रत्याशी घोषित किया
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 22 अप्रैल। हरियाणा में आगामी दस मई को होने वाले नगर निगम और अन्य निकाय चुनावों के सिलसिले में भाजपा ने बुधवार शाम तीनों निगमों के लिए अपने मेयर पद के प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया।पार्टी ने पंचकूला मेयर पद के लिए श्यामलाल बंसल,अंबाला मेयर पद के लिए अक्षिता सैनी और सोनीपत मेयर पद के लिए निवर्तमान मेयर राजीव जैन को प्रत्याशी घोषित किया है।हरियाणा भाजपा के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पूनिया ने मेयर प्रत्याशियों की सूची जारी की।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने भी अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी अखाड़े में कदम रख दिया है। पार्टी ने सोनीपत और अंबाला के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची बुधवार को जारी कर दी। पार्टी ने सोनीपत नगर निगम मेयर पद के लिए प्रसिद्ध समाजसेवी सतवीर सिंह आर्य को प्रत्याशी घोषित किया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने मेयर प्रत्याशी के साथ ही विभिन्न वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान किया है। सोनीपत के वार्ड नंबर 1से योगेश,वार्ड नंबर 17:से विकास,वार्ड नंबर 19 से विकास दहिया,वार्ड नंबर 22:से शेर मोहम्मद को प्रत्याशी घोषित किया है।
आम आदमी पार्टी' हरियाणा के मुख्य प्रवक्ता सुमित हिंदुस्तानी को अंबाला नगर निगम चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अंबाला नगर निगम चुनाव के लिए भी चार प्रमुख वार्डों के उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है: वार्ड नंबर 4:से सुखविंदर सिंह (हैप्पी),वार्ड नंबर 6:से ज्योति,,वार्ड नंबर 13:से अंशिका यादव,वार्ड नंबर 16:से हरनेक सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा:"आज हरियाणा की जनता भाजपा और कांग्रेस, दोनों की राजनीति से बुरी तरह त्रस्त है। भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता को एक ईमानदार और मजबूत राजनीतिक विकल्प दे रही है। 'डॉ. गुप्ता ने कहा कि पार्टी बहुत जल्द उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी करेगी।
उधर कांग्रेस ने पहले ही तीनों मेयर पद प्रत्याशी घोषित कर दिए थे। कांग्रेस ने पंचकूला मेयर प्रत्याशी पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, अंबाला से कुलविंदर कौर और सोनीपत से कमल दीवान को मेयर प्रत्याशी घोषित किया था। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए भाजपा के एक प्रत्याशी के मुक़ाबले दो महिला मेयर महिला प्रत्याशी घोषित किए है।
Haryana-News-