पटाखों के बारूद से हुआ विस्फोट • पुलिस ने एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत केस दर्ज किया
जगराओं, जोधा, 2 अप्रैल (दविंदर जैन), फोटोग्राफ अश्वनी शर्माजगराओं के नजदीक गांव जोधा में खंडूर चौक के पास एक मकान में हुए जोरदार धमाके से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार एएसआई गुरचरण सिंह सहित पुलिस पार्टी इलाके में गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि कलां रोड, जोधा में एक मकान में धमाका हुआ है।
पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि मकान के एक कमरे में पटाखों (बारूद) की बोरियां पड़ी थीं और धमाके के कारण मकान की छत गिर चुकी थी। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों द्वारा तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में पटाखों का बारूद स्टोर किया गया था, जिसके कारण यह धमाका हुआ।
इस मामले में पुलिस ने वाजिद पुत्र अल्लाहुदीन और साजिद पुत्र अल्लाहुदीन, निवासी बासीकला, थाना बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) के खिलाफ धारा 3, 4, 5 एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट और BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा इस पूरे मामले की बारीकी से जांच करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।