फैसला कराने के नाम पर मांगे थे 4 लाख रुपये, 2 लाख रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा था एसीबी ने
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 4 सितंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो फरीदाबाद ने रिश्वत के मामले में आरोपी ईएसआई होशियार सिंह, इंचार्ज ईआरवी-502, थाना चांदहट, जिला पलवल के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत चालान तैय्यब हुसैन, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पलवल की अदालत में पेश किया है।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस विभाग का बर्खास्त कर्मचारी है। उसके विरुद्ध थाना कैंप पलवल में अभियोग दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान नामजद आरोपियों के फर्द-ए-इंकशाफ के आधार पर शिकायतकर्ता का नाम भी मामले में जोड़ा गया था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वर्तमान में वह न्यायालय से जमानत पर है। इसी अभियोग के संबंध में विभाग द्वारा उसे बर्खास्त भी किया गया था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता और भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो, फरीदाबाद को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इस मुकदमे में फैसला कराने के नाम पर ईएसआई होशियार सिंह ने उससे 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। सौदा 4 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें 2 लाख रुपये तत्काल देने तथा शेष 2 लाख रुपये फैसला होने के बाद देने की बात तय हुई। शिकायत के आधार पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने 7 जुलाई 2026 को ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी ईएसआई होशियार सिंह को शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग करने और स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच पूरी होने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद द्वारा 3 सितंबर 2026 को आरोपी ईएसआई होशियार सिंह के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की गई। आरोपी वर्तमान में जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में न्यायिक हिरासत में बंद है।