राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,16 अगस्त । किसानों का दिल्ली कूच रोकने के लिए पंजाब का खनौरी बॉर्डर शनिवार को ही सील कर दिया गया । किसानों ने रविवार को दिल्ली कूच का ऐलान किया था।
हरियाणा के जींद प्रशासन ने शनिवार देर रात पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर को सील कर दिया। किसानों को दिल्ली की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बॉर्डर पर 5 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आह्वान के बाद यह सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 16 अगस्त से 228 किलोमीटर लंबी 'किसान बचाओ पदयात्रा' शुरू करने का ऐलान किया है। यह पदयात्रा 16 अगस्त को दातासिंहवाला से शुरू होकर 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेगी। यात्रा में 51 मुख्य किसानों के अलावा करीब 200 अन्य किसान भी शामिल हैं। किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए पुलिस ने नाकेबंदी शुरू कर दी है और बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली कूच के ऐलान से एक दिन पहले यानी 15 अगस्त को जींद में किसानों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी। किसान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। गैर-एसकेएम किसान संगठन किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में पैदल यात्रा कर रहे हैं। अब दिल्ली की ओर बढ़ने से रोकने के लिए खनौरी बॉर्डर पर रास्ता सील कर दिया गया है।
प्रशासन ने किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए बॉर्डर पर 5 लेयर बैरिकेडिंग के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया है। वहीं, किसानों ने भी प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें दिल्ली कूच करने और पैदल यात्रा करने से रोकने की कोशिश की गई तो वे वहीं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। ऐसे किसान पदयात्रा को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने के आसार हैं।