500 रुपये के टिकट ने बदली किस्मत, 30 साल की मेहनत रंग लाई
जीत की रकम से जरूरतमंदों की करेंगे मदद
लुधियाना में बैसाखी बंपर लॉटरी का पहला इनाम जीतने वाले विजेता सामने आ गए हैं। दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी 80 वर्षीय रिटायर्ड पोस्टमास्टर ओमप्रकाश ने 6 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतकर सबको चौंका दिया। उन्होंने यह टिकट मात्र 500 रुपये में खरीदा था और पिछले करीब 30 साल से लगातार लॉटरी खरीद रहे थे।ओमप्रकाश ने 1 अप्रैल को लुधियाना के घंटाघर चौक स्थित गांधी लॉटरी एजेंसी से टिकट खरीदी थी। 18 अप्रैल को निकले बैसाखी बंपर ड्रॉ में B-सीरीज 520720 नंबर का पहला इनाम उनके नाम निकला।ड्रॉ निकलने के बाद वह लुधियाना पहुंचे और एजेंसी पर जाकर इनाम क्लेम किया। लॉटरी क्लेम की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 10 से 15 दिनों में राशि मिलने की उम्मीद है।
ओमप्रकाश के बेटे मनोज ने बताया कि उनके पिता को डाक विभाग से पेंशन मिलती है और उन्हें पैसों का कोई लालच नहीं है। उन्होंने कहा कि इस रकम का उपयोग जरूरतमंद लोगों और अनाथ आश्रमों की मदद के लिए किया जाएगा।ओमप्रकाश ने बताया कि उन्हें लॉटरी ऐप के जरिए जीत की जानकारी मिली थी, लेकिन पहले दिन विक्रेता से संपर्क नहीं हो पाया। अगले दिन संपर्क होने पर उन्हें लुधियाना बुलाया गया, जहां उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज देकर क्लेम प्रक्रिया पूरी की।उन्होंने बताया कि लुधियाना में उनकी साली का घर है और वह अक्सर यहां आते रहते हैं। पिछले 30 वर्षों से वह लॉटरी खरीद रहे थे, लेकिन पहली बार इतना बड़ा इनाम लगा है।गांधी ब्रदर्स लॉटरी एजेंसी के प्रतिनिधि ने कहा कि यह पूरी तरह किस्मत का खेल है। कई लोग वर्षों तक टिकट खरीदते हैं, लेकिन जीत कुछ ही लोगों को मिलती है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश की जीत यह साबित करती है कि किस्मत कब बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता।