लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चला सरप्राइज टिकट चेकिंग अभियान
Aug4,2026
| Dev Sehgal | Ludhiana
लुधियाना, 04 अगस्त (देव सहगल)
उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल की तरफ से मंगलवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर नियंत्रण हेतू एक विशेष "सरप्राइज टिकट चेकिंग” अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 100 से अधिक यात्रियों को ट्रेन से उतरते हुए बिना टिकट पकड़ा गया। जिसमें पकड़े गए इन यात्रियों से ₹95,000 का रेल राजस्व वसूला गया। इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान में 10 टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
इस “सरप्राइज टिकट चेकिंग” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक यात्री को उचित वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना है। इस अभियान के माध्यम से रेलवे प्रशासन की तरफ से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी मकसद है। इसके साथ ही यात्रियों में जिम्मेदार यात्री बनने की भावना को बढ़ावा दिया जाता है, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतरीन रेल यात्रा की अनुभूति मिल सके। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वह हमेशा वैध टिकट लेकर ही सम्बन्धित श्रेणी के कोच में यात्रा करें। रेलवे प्रशाशन यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान जारी रखेगा।
Railway-Station-Ludhiana-Special-Ticket-Checking-