कॉमनवेल्थ खेलो के पदक विजेता खिलाड़ियों का खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एयरपोर्ट पहुंचकर किया अभिनंदन
Aug4,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
चंडीगढ़, 4 अगस्त। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का परचम लहराकर लौटे भारतीय शूरवीर खिलाड़ियों का मंगलवार को स्वदेश पहुंचने पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। देशभक्ति के तरानों, ढोल की थाप और फूलों की वर्षा के बीच पूरा एयरपोर्ट प्रांगण ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने स्वयं एयरपोर्ट पहुंचकर पदक विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
इस दौरान गौरव गौतम ने कहा कि हमारे एथलीटों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया है। इन खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।
खिलाड़ियों को बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेल राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य में खिलाड़ियों को न केवल विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण सुविधाएं दी जा रही हैं, बल्कि उनकी उपलब्धियों पर आकर्षक नकद पुरस्कार और सुरक्षित भविष्य (खेल नीति के तहत नौकरी) भी सुनिश्चित की जा रही हैं।गौरतलब है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल ने अपनी खेल क्षमता का लोहा मनवाते हुए कुल 39 पदक जीते हैं।
Haryana-News-