भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेका; सरबत के भले और पंजाब की खुशहाली के लिए की अरदास
Jul29,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आज तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने गुरु घर में नतमस्तक होकर परमात्मा का शुक्राना अदा किया तथा सरबत के भले, पंजाब में भाईचारे, शांति और समृद्धि के लिए अरदास की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों ने उन्हें गुरु घर की बख्शीश स्वरूप सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने बुंगा मस्तुआणा साहिब, तलवंडी साबो में भी मत्था टेका।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज गुरु गोबिंद सिंह जी के चरणों से पावन हुए तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेककर उन्होंने पंजाब की खुशहाली की अरदास की है। यहां आकर उन्हें आत्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने गुरु साहिब से प्रार्थना की है कि पंजाब फिर से समृद्ध बने, चढ़दी कला में रहे तथा प्रदेश में अमन-शांति कायम हो।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की मोदी सरकार ने सिख समुदाय के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसी क्रम में तख्त श्री दमदमा साहिब को लगभग 1,100 करोड़ रुपये की लागत से रेल संपर्क से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि तख्त श्री दमदमा साहिब ही एकमात्र ऐसा तख्त साहिब था जो सीधे रेल नेटवर्क से नहीं जुड़ा था। इस रेल परियोजना के पूरा होने के बाद सिख धर्म के सभी पांचों तख्त रेल सेवा से आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे देश-विदेश से आने वाली संगत और श्रद्धालुओं के लिए तख्त श्री दमदमा साहिब के दर्शन करना और अधिक सुगम हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पंजाब में शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की सरकार-ए-खालसा की भावना पर आधारित सुशासन स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी मार्ग पर चलकर पंजाब की सभी समस्याओं का समाधान होगा और राज्य पुनः समृद्ध एवं खुशहाल बनेगा।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता दयाल सिंह सोढ़ी, जिला अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह मलूका, परमपाल कौर मलूका, जगदीप सिंह नकई, स्वरूप चंद सिंगला सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Dhillon-Pays-Obeisance-At-Takht-Sri-Damdama-Sahib-