लुधियाना में दिनदहाड़े घर के बाहर से 1 मिनट में चोरी हुई मोटरसाइकिल, पूरी वारदात Cctv में कैद
Aug10,2026
| Paras Dania | Ludhiana
शिकायतकर्ता के अनुसार पिछले साल पैसे जोड़कर नया खरीदा था मोटरसाइकिल
लुधियाना 10 अगस्त (पारस दानिया): शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस प्रशासन के सख्त दावों के बावजूद बेखौफ चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला थाना PAU क्षेत्र के अंतर्गत राजा गार्डन, गली नंबर 1, प्रतापपुरा से सामने आया है, जहां एक युवक की मोटरसाइकिल घर के बाहर से महज 1 मिनट में चोरी कर ली गई। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता नकुल खुल्लर, निवासी सिविल लाइन ने बताया कि वह मोबाइल की दुकान चलाता है। सोमवार शाम करीब 5:45 बजे वह अपनी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, नंबर PB10 JW 2298 पर सवार होकर प्रतापपुरा के पास राजा गार्डन में अपने मामा के घर गया था। नकुल ने मोटरसाइकिल को घर के बाहर लॉक लगाकर खड़ा किया और अंदर चला गया। लगभग 15-20 मिनट बाद जब वह वापस बाहर आया तो देखा कि मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद नकुल ने मामा के घर के पास लगे एक CCTV कैमरे की फुटेज चेक की तो चोरी की पूरी वारदात सामने आ गई। नकुल ने कहा उसने पिछले साल ही पैसे जोड़कर नया मोटरसाइकिल खरीद किया था।
CCTV में कैद हुई वारदात
फुटेज के अनुसार शाम 5:58 बजे चेक शर्ट पहना एक युवक जिसके हाथ में कपड़ा था, इधर-उधर देखता हुआ मोटरसाइकिल के पास पहुंचा। उसने किसी औजार से बाइक का लॉक तोड़ा और 5:59 बजे मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। यानी आरोपी ने चोरी की वारदात को 1 मिनट के अंदर अंजाम दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत
नकुल ने बताया कि इस संबंध में उसने थाना PAU में लिखित शिकायत दे दी है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और डबल लॉक का इस्तेमाल करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
-ludhiananews-biketheft-cctvfootage-ludhianacrime-paupolice-crimenews-jagratilahar