जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित
Jul26,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना द्वारा कांग्रेस पार्टी के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नवगठित जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना की टीम तथा सभी ब्लॉक अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज टिब्बा रोड स्थित में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय तलवाड़ ने की।
इस बैठक में रविंद्र डालवी, सह-प्रभारी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए रविंद्र डालवी ने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि अगले महीने से पूरे पंजाब में कांग्रेस पार्टी द्वारा बड़े स्तर पर जनसभाओं और बस यात्रा के माध्यम से चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। इन जनसभाओं एवं चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी करेंगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का पूरा वरिष्ठ नेतृत्व पार्टी हाईकमान के मार्गदर्शन में एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता के सहयोग और समर्थन से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार बड़ी संख्या में विजयी होंगे तथा राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
रविंद्र डालवी ने कहा कि पंजाब की जनता का आम आदमी पार्टी की सरकार से मोहभंग हो चुका है। लोग अब परिवर्तन चाहते हैं और आगामी चुनावों का इंतजार कर रहे हैं ताकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन सके।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने, आगामी चुनावों की रणनीति तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना की नवगठित टीम के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस, सेवा दल, लीगल सेल, अनुसूचित जाति (एस.सी.) सेल, पिछड़ा वर्ग (बी.सी.) सेल के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Dcc-President-Sanjay-Talwar-Ex-Mla-Ludhiana-