सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, पैसों के लेन-देन को बताया जा रहा कारण
राजपुरा, 26 जुलाई (सुशील कुमार सिंधी)।
राजपुरा के निकटवर्ती गांव गदोमाजरा में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान महिंदर कौर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंदर कौर की देखभाल के लिए उनके परिजनों ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर सुनीता रानी नामक महिला को केयरटेकर के रूप में नियुक्त किया था। परिजनों को उस समय संदेह हुआ जब उनके हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी, जिसमें कथित तौर पर केयरटेकर सुनीता रानी महिंदर कौर पर हमला करती हुई दिखाई दे रही है।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी केयरटेकर सुनीता रानी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जांच जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।