राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के बाद मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी के छापे
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,17अप्रैल। पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और राज्यसभा में पार्टी के उपनेता अशोक मित्तल के नौ परिसरों पर ई डी के छापे के बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ई डी ने छापे डाले। जांच एजेंसी की टीमें शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ही लुधियाना के गुरदेव नगर स्थित अरोड़ा के घर (कोठी नंबर- 3311) पर पहुंच गईं। इसके बाद बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर अंदर-बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई। छापे के वक्त मंत्री घर पर नहीं थे।
लुधियाना के अलावा जालंधर में भी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर ई डी ने छापे डाले। सूद हैम्पटन होम्स के डायरेक्टर हैं और संजीव अरोड़ा के करीबी माने जाते हैं। हेमंत सूद के लुधियाना में सराभा नगर स्थित कोठी नंबर 175-I पर भी छापा डाला गया। अग्रवाल की भी अरोड़ा के रियल एस्टेट कारोबार में पार्टनरशिप है। मंत्री और उनके पार्टनर्स के लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ स्थित कुल 13 ठिकानों पर ई डी की टीमें जांच कर रही हैं।
सूत्री के अनुसार मंत्री पर छापे की कार्रवाई जमीन सौदे को लेकर हुई है। ई डी को शक है कि मंत्री अरोड़ा ने सूद के साथ मिलकर हैम्पटन होम्स वाली जमीन का चेंज ऑफ लैंड यूज गलत तरीके से लिया। इंडस्ट्रियल जमीन को रेजिडेंशियल में बदल दिया गया। इसमें नियमों को अनदेखा किया गया।
ई डी के छापे के साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर मंत्री संजीव अरोड़ा की फोटो लगाकर लिखा- सब फड़े जाणगे ।
मंत्री संजीव अरोड़ा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- मैं देश का जिम्मेदार नागरिक हूं और एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा। मुझे विश्वास है कि सच्चाई सामने आएगी।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा- कहा आप के नेता के यहां 3 दिन में ये दूसरी ईडी की रेड है। क्या प्रधानमंत्री बताएंगे कि अभी तक आप नेताओं के यहां जो इतनी सारी अनगिनत रेड की हैं, उनमे कितना काला पैसा मिला? एक रुपया भी मिला? पूरा देश देख रहा है कि आप केवल सत्ता के लिए कितनी ओछी राजनीति कर रहे हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में कहा- चुनाव में अरोड़ा ने भाजपा को बुरी तरह हराया था। ये भाजपा की 2027 चुनाव की तैयारी है- ईडी, इनकम टैक्स, नोटिस भेजो और डराओ। भाजपा को इलेक्शन के लिए 117 लोग नहीं मिल रही है। यह कह रहे है कि या तुम चुनाव न लड़ो या हमारी वॉशिंग मशीन से निकलो। ऐसे केसों में निकलता कुछ नहीं है। यह डेमोक्रेसी नहीं यह डिक्टेटरशिप है। यह लोकतंत्र नहीं है।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का कहना है कि संजीव अरोड़ा को इंडस्ट्रियल प्लाट मिले थे ताकि वो इंडस्ट्री लगाएं और लोगों को रोजगार दें। मगर उन्होंने उन प्लाटों को कॉमर्शियल कर दिया और वहां पर बड़े-बड़े टॉवर खड़े कर दिए और फ्लैट बेच दिए। राघव चड्ढा अब गवाह बना है। इनके सभी कारनामे बाहर आएंगे। राघव चड्ढा पर सभी ने मिलकर अटैक किया। मुख्यमंत्री से लेकर केजरीवाल तक सभी ने उसे घेरा। सीबीआई और ईडी सरकार के अधीन नहीं हैं। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले आप के किसी सीनियर नेता पर 3 दिन में यह दूसरी रेड है। इससे पहले आप के राज्यसभा सांसद व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और लवली ग्रुप के मालिक अशोक मित्तल के जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम के ठिकानों पर रेड हुई थी।
: इससे पहले भी 7 अक्टूबर 2024 को भी संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी रेड कर चुकी है। उस वक्त मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी केस की जांच का दावा किया गया था। संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार में अहम मंत्री हैं। उनके पास इंडस्ट्री और लोकल गवर्नमेंट का मंत्रालय है। पहले वह आप से राज्यसभा सांसद थे। फिर 2025 में उन्होंने लुधियाना से विधानसभा उपचुनाव लड़ा। पहली बार विधायक बनते ही वह मंत्री बन गए और उन्हें बड़े मंत्रालय सौंपे गए।