संपत्ति विवाद के चलते हुई थी कांग्रेस ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की हत्या; आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल और एक कोहड़ी बरामद -
लुधियाना 4 अप्रैल (पारस दानिया)।
लुधियाना पुलिस ने बीते दिनों थाना कूमकलां क्षेत्र में हुए कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान की हत्या के मामले को सुलझाते हुए दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले साजिश में शामिल चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की जा चुकी है। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों की पहचान गांव खोखरां माछीवाड़ा के रहने वाले 22 वर्षीय विजय कुमार उर्फ अजय और मछीवाड़ा के गांव इराक के रहने वाले 27 वर्षीय लकी के रूप में है। इसके अलावा पहले ही काबू किए आरोपियों में 55 वर्षीय जय सिंह, 30 वर्षीय रवि कुमार, 29 वर्षीय अमरीश कुमार, 45 वर्षीय सुनील शामिल हैं। सभी मछीवाड़ा के गांव खोखरां के रहने वाले हैं। जिनकी गिरफ्तारी 30 मार्च को की गई है। उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ कुम कलां पुलिस ने मृतक परमिंदर तिवारी के भतीजे सनी के बयानों पर 30 मार्च को मुकदमा नंबर 52, अंडर सेक्शन धारा 103,3(5) बीएनएस के तहत दर्ज कर उसमें 61(2) बीएनएस की धारा के तहत बढ़ोतरी की गई।
आज इस मामले के संबंध में जानकारी प्रेस को सांझा करते हुए, डीसीपी रूरल जसकिरनजीत सिंह तेजा ने बताया कि आरोपियों ने जमीन विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक प्रधान 52 वर्षीय परमिंदर तिवारी मुख्य आरोपी विजय कुमार उर्फ अजय को गांव की पंचायत जमीन पर बने कमरे खाली करने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था, जिसके चलते विजय कुमार और उसके साथियों ने साजिश के तहत तिवाड़ी की हत्या कर दी।इस पर कार्रवाई करते हुए कुम कलां एसएचओ परमदीप सिंह के नेतृत्व में कटनी कलां चौंकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह सैनी ने पुलिस पार्टी के साथ मामले को ट्रेस करते हुए आरोपियों को बिहार व पंजाब से काबू किया। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए तेजधार हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा आरोपियों ने इस साजिश की जानकारी अपने परिवार को भी दी थी, जिनके खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं आरोपी विजय ने परमिंदर तिवारी की हत्या से संबंधित अपने परिवारिक मेंबरों से भी बातचीत की। आगे की कार्रवाई में पुलिस आरोपी विजय के परिवारिक मेंबरों से भी पूछताछ अमल में ला रही है।