मोदी सरकार किसान विरोधी नीतियां लागू करने पर आमादा – डॉ. बलबीर सिंह
Apr4,2026
| Sushil Kumar | Patiala
-पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी, आढ़तियों का जताया आभार
-केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू व हड़ताली आढ़तियों को किसानों के साथ खड़े होने की नसीहत
-पटियाला अनाज मंडी में कोई हड़ताल नहीं: आढ़तिया एसोसिएशन, फसल खरीद सुचारू रखने का भरोसा
पटियाला, 4 अप्रैल: सुशील कुमार
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा है कि पंजाब सरकार राज्य के किसानों और उनके हितैषी आढ़तियों के साथ मिलकर किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी नीतियां लागू करने पर आमादा है, जिसे पंजाब सरकार कभी सफल नहीं होने देगी।
पटियाला की अनाज मंडी में आढ़तियों के साथ आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने किसानों और उनके सहयोगी आढ़तियों का धन्यवाद किया, जो हड़ताल के बजाय मंडियों में आई फसल की खरीद को सुचारू रूप से जारी रखे हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू व हड़ताली आढ़तियों को किसानों के साथ खड़े होने नसीहत की।
उन्होंने कुछ आढ़तियों द्वारा फसल उठाने से इनकार करने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे लोग हरियाणा या राजस्थान चले जाएं, जहां उन्हें लगता है कि राज्य सरकारें अधिक लाभ दे रही हैं।
इस दौरान आढ़तिया एसोसिएशन पंजाब के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं नई अनाज मंडी पटियाला के प्रधान इंजीनियर सतविंदर सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि उनकी एसोसिएशन की कोई हड़ताल नहीं है और वे किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब आढ़तिया एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जसविंदर सिंह राणा के नेतृत्व में सभी आढ़ती एकजुट हैं और किसी प्रकार की हड़ताल नहीं की जा रही है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि कुछ शरारती और डिफॉल्टर प्रवृत्ति के लोग पंजाब के हितों के खिलाफ जाकर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं, जो किसानों के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि इस समय गेहूं खरीद का सीजन चल रहा है और मौसम भी अनुकूल नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने खरीद के पुख्ता प्रबंध किए हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग निजी हितों के चलते किसानों की फसल उठाने से बच रहे हैं, जो पंजाब और किसानों के सच्चे हितैषी नहीं हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब से प्रेम करने वाले आढ़ती, किसान, मजदूर, शैलर मालिक और राज्य सरकार एकजुट होकर केंद्र सरकार की किसान और पंजाब विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब का आरडीएफ रोका, आढ़तियों का भुगतान रोका और मजदूरों की मनरेगा राशि भी रोकी है, लेकिन पंजाब अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “एक देश, एक चुनाव, एक देश, एक पार्टी, एक देश, एक धर्म और एक देश, एक नेता” की विचारधारा पर चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो तथाकथित आढ़ती हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलने गए थे, वे बताएं कि क्या वहां उन्हें केंद्र द्वारा निर्धारित ढाई प्रतिशत आढ़त (कमीशन) मिल रही है।
उन्होंने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे आढ़तियों का ढाई प्रतिशत कमीशन दिलवाएं और यह भी स्पष्ट करें कि पंजाब में दालों, सूरजमुखी और तिलहन फसलों को क्यों प्रोत्साहन नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि बिट्टू सहित अन्य नेता पंजाब के अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठाते, बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं।
इस अवसर पर आढ़तिया एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारी एवं जनरल सेक्रेटरी नरेश मित्तल भोला, अशोक कुमार मोदी, चरण दास गोयल खरदमन राय गुप्ता, हरदेव सिंह नंदपुर केशो, दरबारा सिंह जहलां, दविंदर कुमार बग्गा गुरनाम सिंह लचकानी परमजीत सिंह मिर्जापुर, रणधीर नलीना, विश्व गोयल काकू, विजय गर्ग गुरनाम सिंह लचकानी महेश करम चंद बंसल सोहन लाल चेयरमैन कमल गोयल, शिव मंदिर कमेटी के प्रेसिडेंट सुरेश बंसल डकाला, संजीवन मित्तल, ओम प्रकाश टोहरा, जतिंदर कुमार टीनू, तीरथ बंसल, राकेश भानरा, राज कुमार जिंदल, सरूप चंद भानरा, करम चंद रोहित गोयल दीपक जिंदल, शांति सरूप कन्नू, प्रेम चंद, हैप्पी गोयल, अनिल गोयल, शम्पी डकाला, भीम चंद डकाला, रिंकू बंसल, कुलदीप सिंह कौरजीवाल, बलराम बंसल, भोला भानरा, परगट सिंह जहलां, गौरव जिंदल, राजिंदर सिंह पाला टोहरा मान, नरिंदर लोट, अशोक कुमार, जॉली गर्ग, दिनेश अग्रवाल, सुरमख सिंह, जगदीश चंद, कुलविंदर सिंह माजरी अकाली, गुरविंदर सिंह कौरजीवाल, एच.एस. रतौल, नाहर भी उपस्थित थे।
Dr-Balbir-Singh-Health-Minister-Punjab