भारत नगर चौक के निकट स्थित सीअर्ज कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल में घुसकर गुंडागर्दी करते हुए तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जसविंदर सिंह कालरा की शिकायत पर इंदरजीत सिंह गोला, योगेश बांसल व उनके 20 अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उक्त लोगों द्वारा की गई तोड़फोड़ और गाली-गलौज की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस को दी शिकायत में जसविंदर सिंह कालरा ने बताया कि वह भारत नगर चौक स्थित सीअर्ज कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल के मालिक हैं। 13 अप्रैल की दोपहर को वह बिल्डिंग में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान कॉम्प्लेक्स की अन्य मंजिलों के मालिक योगेश खोसला और इंदरजीत सिंह गोला अपने करीब 20 साथियों के साथ उनकी जायदाद पर हमला कर बैठे।
हमलावरों ने संयुक्त रास्ते में लगे बोर्ड और पोस्टर फाड़ दिए, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, जनरेटर की तारें काट दीं और टंकी में पानी डालकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई।
तोड़फोड़ करते हुए आरोपी तीसरी मंजिल के कॉरिडोर तक पहुंच गए, जहां उस समय उनके ऑफिस में 100 से 120 छात्र मौजूद थे। इस घटना से छात्रों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
सूचना मिलने पर जब वह अपने पिता के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया, तो आरोपियों ने पुलिस की मौजूदगी में भी गाली-गलौज की और लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि अगर पुलिस मौके पर न होती, तो जान का नुकसान भी हो सकता था।
थाना डिवीजन नंबर 5 के जांच अधिकारी के अनुसार मामले में कार्रवाई जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।