डॉ. डी.एन. कोटनिस की 116वीं जयंती पर देशभर में निःशुल्क एक्यूपंक्चर मेडिकल कैंप शुरू
Oct10,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
इंडियन मेडिकल मिशन टू चाइना की 88वीं वर्षगांठ पर पांच राज्यों में मेडिकल कैंप का आयोजन, 22 अन्य स्थानों पर भी लगेंगे कैंप
लुधियाना, 10 अक्टूबर। महान चिकित्सक एवं मानवतावादी डॉ. द्वारकानाथ शांताराम कोटनिस की 116वीं जयंती तथा इंडियन मेडिकल मिशन टू चाइना की 88वीं वर्षगांठ के अवसर पर डॉ. डी.एन. कोटनिस एक्यूपंक्चर हॉस्पिटल की ओर से देशभर में निःशुल्क एक्यूपंक्चर मेडिकल कैंप की शुरुआत की गई। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में डॉ. कोटनिस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और मानवता की सेवा के लिए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. कोटनिस के योगदान, मानव सेवा के प्रति उनके समर्पण तथा भारत-चीन मैत्री को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। चीन में युद्ध के दौरान घायलों की चिकित्सा सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले डॉ. कोटनिस का त्याग और समर्पण आज भी चिकित्सकों, समाजसेवियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. कोटनिस की जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किए गए देशव्यापी अभियान के प्रथम चरण में 10 और 11 अक्टूबर को लुधियाना सहित हिमाचल प्रदेश, बिहार, भोपाल और श्रीनगर में निःशुल्क एक्यूपंक्चर मेडिकल कैंप आयोजित किए गए। अभियान के अगले चरण में 11 अक्टूबर से 4 नवंबर तक देश के 22 अन्य स्थानों पर भी मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना और एक्यूपंक्चर चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लुधियाना में आयोजित कैंप का उद्घाटन पंजाब के शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने किया। यह कैंप फैजी एकेडमी ग्रुप, गली नंबर-1, हरविंदर नगर, दाना मंडी में आयोजित किया गया, जहां पहले ही दिन 92 मरीजों ने पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद परमिंदर मेहता, पार्षद विजय कलसी, सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के लुधियाना प्रधान जसवंत सिंह छापा, डॉ. रघबीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कैंप में कमर दर्द, डिस्क प्रोलैप्स, लकवा, अर्धांग पक्षाघात, सर्वाइकल संबंधी समस्याओं, माइग्रेन, जोड़ों एवं घुटनों के दर्द, मानसिक तनाव, अनिद्रा, अस्थमा, सांस लेने में परेशानी, पुराने नजले तथा नशा मुक्ति जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को एक्यूपंक्चर चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंपों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने कहा कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। चिकित्सा सेवा ऐसा पुनीत कार्य है, जो धर्म, जाति और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश देता है। उन्होंने डॉ. इंद्रजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा डॉ. डी.एन. कोटनिस एक्यूपंक्चर हॉस्पिटल के माध्यम से किए जा रहे सेवाभावी कार्यों की सराहना की। डॉ. कोटनिस को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. कोटनिस ने अपना जीवन मानवता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था और उनके आदर्श आज भी समाज को निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की सेवा करने की प्रेरणा देते हैं। वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद परमिंदर मेहता ने अस्पताल द्वारा मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. इंद्रजीत सिंह ने अपना जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित किया है तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज के प्रति एक सराहनीय योगदान है। पार्षद विजय कलसी ने अपने क्षेत्र में निःशुल्क एक्यूपंक्चर मेडिकल कैंप आयोजित करने के लिए डॉ. इंद्रजीत सिंह और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कैंपों से जरूरतमंद लोगों को उपचार की सुविधा मिलती है और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह, अश्वनी वर्मा, सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के लुधियाना प्रधान जसवंत सिंह छापा, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद परमिंदर मेहता, फैजी एकेडमी के प्रधान मोहम्मद फैज़ आलम, महासचिव मोहम्मद फरीद एसराल, पार्षद विजय कलसी, मनीषा, डॉ. रघबीर सिंह, गगन भाटिया, तरसेम लाल तथा अस्पताल के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. कोटनिस को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलते हुए मानवता की सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
-drdnkotnis-freemedicalcamp-acupuncturetreatment-ludhiananews-humanityandservice