राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 12अक्टूबर। हरियाणा में धान की सरकारी खरीद धीमी चाल से होने का सिलसिला टूटा नहीं है।जींद में धान की खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने सोमवार को जींद-पटियाला हाईवे जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि खरीद एजेंसियां धान में अधिक कमी बताकर खरीद से बच रही हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत शुरू की। एसडीएम के आश्वासन पर किसानों ने करीब तीन बजे जाम खोला।
जाम की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीएम सुमन यादव से जब किसानों का आमना सामना हुआ, तो उन्होंने कहा कि मैं लेती हूं जिम्मेदारी। आपकी नमी 17 होगी तो खरीद होगी। कोई मना करें तो मुझे बताना। एसडीएम ने किसानों से पूछा बताओ कौन आढ़ती पैसे मांगता हैं। आप नाम बताओ। इससे पहले किसानों ने एसडीएम के सामने खरीद नहीं होने पर अपनी बात रखी।
एसडीएम के मौके पर पहुंचने के बाद किसान बोले- उचाना में बारिश है, एसडीएम बोली- हां, थोड़ी सी हुई थी। 17 नमी की बात हम लिखित में ले रहे, कम नहीं लगना चाहिए। हम सेक्रेटरी से यही बात कह रहे थे लिखित में जिम्मेदारी ले। मेरी रिकार्डिंग चल रही हैं, अगर आपका 17 नमी है और सभी मानक पूरे हैं, तो हम लेंगे। यदि आपसे कोई कुछ मांगता है, तो मुझे शिकायत करों।
किसान एमएपपी पर फसलों की खरीद करने, समय पर उठान करने की मांग कर रहे थे। जिस पर एसडीएम ने उन्हें नियमानुसार मंडी में आने वाली सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद करने और उठान में तेजी लाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद किसानों ने दोपहर तीन बजे जाम खोल दिया।
इससे पहले सोमवार दोपहर को करीब एक बजे किसान हाइवे पर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर सड़क पर बैठ गए। जाम के चलते हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।