राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 22अक्टूबर। हरियाणा में बेलगाम हुई गैंगस्टरों की जानलेवा फायरिंग की घटनाओं के सिलसिले में एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के निवास पर फायरिंग की घटना भी जुड़ गई। फरीदाबाद के नगला एनक्लेव पार्ट-2 में बुधवार देर रात हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर पर दो बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। वारदात रात करीब 2 बजे हुई, जब परिवार घर के अंदर सो रहा था। बुलेट बाइक पर आए हमलावरों ने मकान पर गोलियां चलाईं और फरार हो गए। फायरिंग में घर का शीशा टूट गया, जबकि एक गोली दीवार में लगी और तीसरी हवा में चलाई गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पर्वतीय कॉलोनी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों की जांच शुरू कर दी है। नगला एनक्लेव पार्ट-2 निवासी सुरजीत बैंसला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ यहां रहते हैं। जिस मकान पर फायरिंग हुई, उस समय परिवार के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। पड़ोसी ने आकर उनको जानकारी दी कि उनके घर पर गोली चली है। जब उन्होंने सीसीटीवी चैक किए तो पता चला कि दो युवकों कोद्वारा गोली चलाई गई है। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वालों में से वो किसी को नही जानते है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें देखा जा रहा है कि रात के करीब 2 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया है। दोनों बुलेट बाइक पर सवार होकर यहां आए थे। दोनों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे। मकान के पास पहुंचकर उन्होंने तीन राउंड फायर किए और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
सारण थाना प्रभारी हुक्म सिंह ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे क्या वजह रही और वारदात को अंजाम देने वाले दोनों युवक कौन थे, इसका पता लगाया जा रहा है।