**नशा, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर आप सरकार को घेरा
लोगों का भाजपा पर बढ़ता भरोसा बताया**
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में आज श्री मुक्तसर साहिब से शिरोमणि अकाली दल के कई नेता भाजपा में शामिल हुए। इनमें मनिंदर सिंह मेहंदी (पूर्व एमसी और सर्कल प्रधान, शिअद), नवनीत सिंह नवी बराड़ (इंचार्ज आईटी सेल पंजाब एवं उपाध्यक्ष एसओआई पंजाब), हरमीत सिंह बुट्टर (युवा अकाली नेता), हरमंदर पाल पहलवान (युवा नेता व फिटनेस कोच) और लखवीर सिंह खिड़कियांवाला (युवा अकाली नेता) शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सभी नेताओं का भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व में पंजाबियों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा का कारवां दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है और विभिन्न पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग, खासकर युवा, भाजपा की नीतियों और विकास के एजेंडे पर भरोसा जता रहे हैं।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के आज जो हालात बने हैं, उनमें नशा, गैंगस्टरवाद, फिरौतियां, बिगड़ी कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और कर्ज बड़ी समस्या बने हुए हैं, और मौजूदा आप सरकार इन सभी मुद्दों पर विफल रही है। पंजाब के लोग सभी पार्टियों का राज देख चुके हैं और अब लोगों में एक ही आवाज है कि इस बार भाजपा को मौका देना है। इसलिए इस बार पंजाब में भाजपा सरकार बनाएगी और पंजाब को फिर से शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह के सरकार-ए-खालसा जैसा खुशहाल पंजाब बनाया जाएगा।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह भंगेवाला भी उपस्थित थे।