एसआईआर खुद करवाई, सवाल भी खुद उठा रहे हैं मान: केवल ढिल्लों
Oct23,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा में शुक्रवार को वोटर लिस्ट के एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) पर दिए भाषण पर तीखा पलटवार किया है। ढिल्लों ने कहा कि भगवंत मान का भाषण हास्यास्पद है। उन्होंने कहा, ‘राज्स में सरकार आपकी, अफसर आपके और एसआईआर भी आपने करवाई। अब सवाल भी आप ही उठा रहे हैं।‘
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरी प्रक्रिया राज्य सरकार की मशीनरी ने की। डिप्टी कमिश्नरों, एसडीएम से लेकर बूथ लेवल तक सभी अधिकारी इनके थे। इसमें केंद्र सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं रहा। अगर एसआईआर में आपके अफसरों ने कुछ गलत किया था, तो आपके नेता चुनाव आयुक्त के पास सब ठीक बताकर क्यों आए। एक तरफ आप विधानसभा में एसआईआर में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं और दूसरी तरफ आपकी पार्टी के ही नेता चुनाव आयोग के सामने जाकर कह रहे हैं कि सब ठीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह राज्य के किसी एक वोटर को सामने लाएं जिसका नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से कटा हो। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वाकई में गड़बड़ी हुई है यह गंभीर मामला है और उसके लिए राज्य सरकार स्वयं जिम्मेदार है। मान का बयान इस बात का सबूत है कि यह नकारी सरकार है। इनकी सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो चुकी है। ऐसा लग रहा है कि अब मान को अपने मंत्रियों और अफसरों पर भी भरोसा नहीं रहा।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में एसआईआर शुरू होने के समय मान ने कहा था कि पंजाब के किसी वोटर का नाम कटने नहीं दिया जाएगा। अगर किसी का नाम वोटर लिस्ट से गलत कटा है तो मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। केंद्र सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाकर मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आप सरकार के पास जनता को जवाब देने की हिम्मत नहीं है। बकाया डीए, नशों की समस्या, नशों के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या, गैंगस्टरवाद, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और पंजाब पर लगातार बढ़ते कर्ज जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार घिरी हुई है। इन सवालों से ध्यान भटकाने के लिए मुख्यमंत्री ऐसी बेतुकी बातें कर रहे हैं।
-kewalsinghdhillon-bhagwantmann-punjabbjp-sir-punjabpolitics